मंगलवार, 2 सितंबर 2014

ममता की रेखा

1
लो, सुनो, आज ममता की एक कहानी,
मैंने बचपन में था गवाक्ष से देखा । 
थी कौन न पूछो, थी जानी-पहचानी, 
उसकी यादों की अमिट हृदय पर रेखा । 
2
नत-मस्तक, नयन निमीलित, झरते सीकर,      
है खड़ी, स्यात्, करती प्रभु नामोच्चारण,      
सद्योस्नाता, वह भीगे वसन, कुएँ पर,
अस्फुट स्वर में, करती-सी व्यथा-निवेदन ।
दीपक, बाती, माचिस ले उड़े प्रभंजन,   
हर कोने पर तम का सचेत पहरा है |
कर सकता है  क्या स्नेह स्वतः आलोकन ?
मेरे  जीवन का  अंधकार गहरा है | 
जब अविरल सारी रात बरसते बादल, 
आकुल सूखी धरती की प्यास बुझाने,  
चूते  छप्पर के नीचे फैला आँचल 
बैठी मैं, बच्चों पर चंदोवा   ताने |
5
फ़ाक़े पर फ़ाक़ा, अन्न नहीं है घर में 
निर्वस्त्र नहीं, पर नग्न-प्राय हैं सारे |
नर हार चुका है रोटी के संगर में 
कर आँखें बंद पड़ा  है एक किनारे |    
6
तुम भूल न जाना उन वचनों के बंधन !
मेरे हित सारी धरा शून्य सम्प्रति है,   
नर से निराश नारी का क्या अवलंबन ! 
नारायण तेरे बिन मेरी क्या गति है ?   


----------- 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें